लखनऊ | 27 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जवाबदेह और अनुशासित प्रशासन की दिशा में बेसिक शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन समीक्षा बैठकों की व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। अब निदेशालय स्तर की प्रत्येक ऑनलाइन बैठक में मंडल स्तर से सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जनपद स्तर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी एडी बेसिक और बीएसए को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार कई जनपदों में समीक्षा बैठकों में अपेक्षित स्तर की भागीदारी नहीं हो रही थी। कई बार बीएसए स्वयं बैठक में शामिल नहीं होते थे और किसी वरिष्ठ अधिकारी को अधिकृत भी नहीं करते थे।
🔹 अब केवल आधिकारिक ई-मेल से प्रवेश
नई व्यवस्था के तहत अधिकारी ऑनलाइन बैठक में केवल अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी से ही शामिल हो सकेंगे। किसी अपरिहार्य शासकीय कारण से अधिकारी उपस्थित नहीं हो पाने की स्थिति में उन्हें अपने स्थान पर किसी वरिष्ठ अधीनस्थ अधिकारी को विधिवत अधिकृत कर भेजना होगा।
इसके अलावा एक ही जनपद या मंडल से अलग-अलग डिवाइस और अलग-अलग आईडी के माध्यम से बैठक में जुड़ने पर भी रोक लगा दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर सभी अधिकारी एक ही स्थान पर बैठकर एक अधिकृत लॉगिन आईडी से बैठक में भाग लेंगे।
🎯 विभाग का उद्देश्य
विभाग का मानना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति से समीक्षा बैठकों की गुणवत्ता बेहतर होगी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews #education



