लखनऊ, 20 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ संभावित एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में पशुओं के लिए भूसे और हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने वर्षा ऋतु को देखते हुए पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए संचालित टीकाकरण अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही जलभराव की स्थिति को देखते हुए गो-आश्रय स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए।
गोवंश सुपुर्दगी अभियान मिशन मोड में
धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजनान्तर्गत 20 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक चलने वाले विशेष गोवंश सुपुर्दगी अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं पशुपालकों को योजना से जोड़ने तथा गोवंश सुपुर्दगी से संबंधित सभी कार्यवाहियां शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता के साथ पूरा करने को कहा।
उन्होंने सुपुर्द किए गए गोवंश का नियमित अनुश्रवण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने, उनके स्वास्थ्य और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने तथा गो-आश्रय पोर्टल पर तत्काल प्रविष्टि कर लाभार्थियों को समय से भरण-पोषण की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिलाओं और गरीब परिवारों को प्राथमिकता
मंत्री ने लाभार्थियों के चयन में महिलाओं एवं कुपोषित परिवारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की साप्ताहिक प्रगति की नियमित समीक्षा करने और अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश को पात्र लाभार्थियों को सुपुर्द करने पर जोर दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान देने तथा अधिक से अधिक पशुपालकों को बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन और विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों को विभागीय योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने, अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को सहकारिता से जोड़ने तथा दुग्ध संग्रहण एवं प्रसंस्करण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माणाधीन एवं विस्ताराधीन डेयरी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने महिला दुग्ध समितियों को प्रोत्साहित करने, पशुपालकों को तकनीकी मार्गदर्शन देने और जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र दुग्ध उत्पादक तक योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए।
बाढ़ प्रभावित जिलों में पशु चिकित्सा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
अपर मुख्य सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास श्री मुकेश कुमार मेश्राम ने अधिकारियों को मंत्री के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित जनपदों में पशु चिकित्साधिकारियों की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, हरे चारे एवं भूसे की पर्याप्त व्यवस्था, एफएमडी टीकाकरण, गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्था, कृत्रिम गर्भाधान तथा दुग्ध समितियों के गठन जैसे प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews



