लखनऊ, 27 जुलाई 2026।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) से प्रभावित गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन गांवों में 24 घंटे तीन शिफ्टों में काम कर पेयजल व्यवस्था सुचारु करने को कहा है।
सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पेयजल संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण के निर्देश
जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर पेयजल संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंगल विलेज योजनाओं के शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क रेस्टोरेशन सहित किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय से संबद्ध करने की चेतावनी भी दी गई।
गांवों में योजनाओं के प्रभाव का होगा आकलन
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को गांवों में जाकर जल जीवन मिशन के प्रभाव का आकलन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जलजनित बीमारियों में आई कमी और ग्रामीणों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी लेने तथा लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
जल अर्पण कार्यक्रमों में तेजी
मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन की अधिकांश परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरी हो चुकी हैं। जिन गांवों में नल से पेयजल आपूर्ति का काम पूरा हो चुका है, वहां ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक जिले में नियमित रूप से ‘जल चौपाल’ आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें मिशन की प्रगति रिपोर्ट पोर्टल और ‘जल सारथी’ ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुरानी परियोजनाएं दो महीने में पूरी करने के निर्देश
जलशक्ति मंत्री ने जल निगम ग्रामीण की पुरानी परियोजनाओं में देरी पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने इन लंबित परियोजनाओं को दो महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews



