लखनऊ, अगस्त 2026: हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा सऊदी अरब में हज-2027 के दौरान यात्रियों की सहायता एवं सुविधाओं के लिए राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक चलेगी।
आवेदन के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक तथा केंद्र या राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारी पात्र होंगे। 13 अगस्त 2026 को आवेदक की आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अंग्रेजी, उर्दू, हिंदी, स्थानीय भाषा तथा अरबी भाषा के ज्ञान वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदक का मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ होना, कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान तथा हज से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी होना आवश्यक है। बड़ी सभाओं को प्रभावी ढंग से संबोधित करने और यात्रियों का मार्गदर्शन करने की क्षमता भी अपेक्षित है। पूर्व में प्रतिकूल रिपोर्ट वाले आवेदकों के चयन पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्रत्येक 135 हज यात्रियों के समूह पर एक राज्य हज इंस्पेक्टर तैनात किया जाएगा। प्रस्तावित प्रतिनियुक्ति अवधि लगभग दो माह, 3 अप्रैल से 25 जून 2027 के बीच होगी। इस अवधि को ड्यूटी माना जाएगा और संबंधित कर्मचारी को मूल विभाग से वेतन एवं भत्ते मिलते रहेंगे।
चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 6 सितंबर 2026 को तथा साक्षात्कार 8 से 16 सितंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। अंतिम चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा में 170 अंक और साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण में 30 अंकों के संयुक्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदक के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना अनिवार्य है। इसके अलावा पूर्व में तीन या उससे अधिक बार खादिमुल हुज्जाज/स्टेट हज इंस्पेक्टर के रूप में सेवा दे चुके आवेदक पात्र नहीं होंगे।
आवेदन से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी सर्कुलर-07, दिनांक 11 अगस्त 2026 का गंभीरता से अध्ययन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड करने की अपील की गई है।
आवेदन की अंतिम तिथि: 27 अगस्त 2026
आवेदन माध्यम: हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट
आधिकारिक वेबसाइट: https://hajcommittee.gov.in
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #india #news #up #जनहित #UPNews



