लखनऊ, 8 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की है। इसके तहत IAS, IPS और IFS के युवा अधिकारी हर माह इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें करियर तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुश्रवण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्तों को भी कार्यक्रम की समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वे विद्यालयों और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का सुचारु संचालन सुनिश्चित करें।
हर जिले में होगा अधिकारियों और विद्यार्थियों का सीधा संवाद
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक जिले में तैनात युवा IAS, IPS और IFS अधिकारियों को हर माह कम से कम एक इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय का भ्रमण कर विद्यार्थियों के साथ संवाद करना होगा। अधिकारियों के अनुभव, कार्यशैली और जीवन संघर्ष विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उनकी आकांक्षाओं को सही दिशा देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में औपचारिक भाषण के बजाय सहभागितापूर्ण चर्चा और प्रश्नोत्तर को प्राथमिकता दी जाएगी। विद्यार्थी अधिकारियों से अपने भविष्य, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल सीधे पूछ सकेंगे। जीवन लक्ष्य निर्धारण, करियर नियोजन, प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और आत्मानुशासन जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
UPSC से लेकर NEET और JEE तक की तैयारी पर मार्गदर्शन
संवाद कार्यक्रमों में UPSC, UPPSC, UPSSSC, SSC, NDA, IIT-JEE, NEET, CUET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, उद्यमिता और स्टार्टअप से जुड़े अवसरों की जानकारी भी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
सरकार की युवाओं से संबंधित प्रमुख योजनाओं के साथ-साथ वित्तीय कौशल, संचार कौशल, व्यवसाय प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास विकास जैसे विषयों को भी संवाद का हिस्सा बनाया गया है।
हर माह तैयार होगा कार्यक्रमों का कैलेंडर
निर्देशों के अनुसार जिलाधिकारी प्रत्येक माह इन कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले में तैनात सभी युवा अधिकारी पहल में सक्रिय रूप से भाग लें। प्रत्येक जिले को आयोजित कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण अगले माह की 5 तारीख तक माध्यमिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराना होगा। रिपोर्ट में विद्यालय का नाम, विद्यालय भ्रमण की संख्या, शामिल अधिकारियों, संवाद के प्रमुख विषयों और विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों का विवरण शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों को कार्यक्रमों की गुणवत्ता की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने और स्थानीय स्तर पर नवाचार करने की स्वतंत्रता भी दी गई है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को समय-समय पर उचित मार्गदर्शन और सकारात्मक परामर्श उपलब्ध कराकर उन्हें विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #india #news #up #जनहित #UPNews



