लखनऊ, 5 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए 6 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं शासन के निर्देश पर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग द्वारा यह अभियान संचालित किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि ग्रामीण उत्तर प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा की नई संस्कृति स्थापित करना है। अभियान के माध्यम से किसानों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) सहित भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों की आर्थिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और भविष्य की सामाजिक स्थिरता सुनिश्चित हो सके।
गन्ना विकास समितियां बनेंगी अभियान की मुख्य कड़ी
प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियां इस महाअभियान में लीड इंस्टीट्यूशन (Lead Institution) के रूप में कार्य करेंगी। वर्षों से किसानों के साथ जुड़े विश्वासपूर्ण संबंधों के आधार पर ये समितियां सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जागरूकता, नामांकन और लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
प्रत्येक समिति में स्थापित होंगे सहायता एवं नामांकन केंद्र
अभियान के दौरान प्रत्येक गन्ना विकास समिति परिसर में बैंकों, इफको, चीनी मिलों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से विशेष सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। यहां किसानों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता, दस्तावेज सत्यापन, बैंकिंग सहायता तथा तत्काल नामांकन जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नए सदस्य पंजीकरण, बैंक खाते खोलने और अन्य आवश्यक सेवाओं की भी व्यवस्था रहेगी।
महिला स्वयं सहायता समूहों की होगी सक्रिय भागीदारी
अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण महिलाओं को बीमा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उनके वित्तीय सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और परिवार की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा। इससे महिलाएं सामाजिक सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक निर्णयों में भी अधिक सशक्त बन सकेंगी।
गांव-गांव तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव एवं विभागीय अधिकारी गांव स्तर पर किसानों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र परिवारों का अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करेंगे। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर, पंपलेट, ग्राम सभाओं और किसान गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
किसानों को मिलेगा मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच
विशेषज्ञों का मानना है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार किसानों की आय सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु अथवा वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में समय पर वित्तीय सहायता मिलने से किसान परिवार आर्थिक संकट से उबरने में सक्षम होंगे।
गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग का लक्ष्य है कि इस महाअभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र गन्ना किसान परिवार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ें और प्रदेश का प्रत्येक गन्ना किसान परिवार सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बने। विभाग का मानना है कि यह अभियान “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प को गति देने के साथ-साथ किसानों के समग्र कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
source सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh
