लखनऊ, 17 जुलाई 2026।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, मड़िहान, मिर्जापुर की छात्राओं ने NEET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन किया है। संस्थान की कुल 18 छात्राओं ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल की।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, छात्राओं की इस उपलब्धि में उनकी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा विभाग की गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क आवासीय कोचिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग की प्रतिभाओं को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाना है।
34 छात्राओं को मिली निःशुल्क आवासीय कोचिंग
जानकारी के अनुसार, कुल 34 छात्राओं को NEET की निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की गई थी। इनमें से 31 छात्राओं ने NEET परीक्षा में भाग लिया, जिनमें 18 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की। सफल छात्राओं में पूजा रंजन, श्वेता पाल, खुशबू, लक्ष्मी रावत, मालती, अंकिता, अनीता, मनीषा, प्रेमलता, अंकिता कुमारी, कोमल, सपना, अंशिका, प्रियंका, फूल कुमारी, अनुराधा, खुशी और आंचल शामिल हैं।
JEE और NEET की तैयारी के लिए विशेष पहल
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश की प्रतिभावान बालिकाओं को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिर्जापुर के सर्वोदय विद्यालय मड़िहान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल एक्स नवोदय फाउंडेशन, वाराणसी और टाटा एआईजी के सहयोग से संचालित की जा रही है।
103 सर्वोदय विद्यालयों में मिल रही आवासीय शिक्षा
समाज कल्याण विभाग प्रदेशभर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं के लिए कक्षा 6 से 12 तक आवासीय सुविधाओं से युक्त 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित कर रहा है। इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य वंचित वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए मजबूत अवसर उपलब्ध कराना है।
राज्य मंत्री ने दी छात्राओं को बधाई
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), समाज कल्याण विभाग, श्री असीम अरुण ने छात्राओं की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विभाग की निःशुल्क आवासीय कोचिंग व्यवस्था का उत्कृष्ट परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन बेटियों से भविष्य में समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने की उम्मीद है तथा सभी सफल छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews



