लखनऊ, 8 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के माध्यम से बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विशेष शिक्षकों तथा अन्य पात्र कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मऊ जनपद के प्रधान समिति सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी पहल है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और नई पीढ़ी के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना शिक्षकों को गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान आर्थिक बोझ से राहत दिलाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी।
योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वार्डन, रसोइये तथा अन्य पात्र कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इनके साथ-साथ उनके आश्रित परिवारजन भी सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने योजना के चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
सरकार का मानना है कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव होते हैं। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना न केवल शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण को सुदृढ़ करेगी, बल्कि उनके परिवारों को भी चिकित्सा संबंधी आर्थिक चिंताओं से राहत प्रदान कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
source सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh
