लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेशभर में 20 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों के करीब 50 लाख विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की तैयारी है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार ने वृक्षारोपण को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे प्रकृति संरक्षण, जल सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जोड़कर व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक हरित आवरण तैयार करना पर्यावरण सुधार की दिशा में निर्णायक कदम है।
50 लाख छात्रों की होगी भागीदारी
प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 50 लाख विद्यार्थी, 22 सरकारी विश्वविद्यालय, 56 निजी विश्वविद्यालय और करीब 8,000 महाविद्यालय हैं। मंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाए तो यह संख्या ऐतिहासिक हो सकती है। अधिकांश शिक्षण संस्थान परिसर की चारदीवारी के भीतर हैं, जिससे लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना आसान होगा।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां चारदीवारी नहीं है, वहां पौधे परिसर की सीमा पर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में पौधों की सुरक्षा के साथ प्राकृतिक हरित सीमा भी विकसित हो सके। जहां चारदीवारी मौजूद है, वहां उसके आसपास सघन पौधारोपण करने पर जोर दिया गया है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ से भावनात्मक जुड़ाव
सरकार ने वृक्षारोपण अभियान को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘गुरु के नाम’ और रक्षाबंधन पर ‘भाई-बहन’ जैसे अभियानों से जोड़ा है। सरकार का मानना है कि भावनात्मक लगाव बढ़ने से पौधों की देखभाल और संरक्षण भी बेहतर होगा।
मंत्री ने छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों से बड़ी संख्या में अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने फलदार, छायादार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता देने की बात कही। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भविष्य में फल और अन्य उपयोगी संसाधन भी उपलब्ध होंगे।
विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शिक्षण संस्थानों की व्यापक भागीदारी के माध्यम से प्रदेश में हरित आवरण को मजबूत करना है।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews



