लखनऊ, 19 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों में लक्ष्य आधारित शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निपुण भारत मिशन के तहत प्रदेश के प्रत्येक परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में संबंधित कक्षाओं के निपुण लक्ष्य पोस्टर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए 31 जुलाई तक पोस्टर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, बालवाटिका से कक्षा-5 तक प्रत्येक विद्यार्थी के लिए निर्धारित अधिगम लक्ष्यों को विद्यालय की दैनिक शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा। इन पोस्टरों को सभी बीआरसी, बीएसए कार्यालय और डायट में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
कक्षा के अनुसार तय होंगे अधिगम लक्ष्य
निपुण लक्ष्य चार्ट में बालवाटिका से कक्षा-5 तक प्रत्येक कक्षा के लिए विषयवार अधिगम परिणाम निर्धारित किए गए हैं। बालवाटिका में बच्चों को सरल दो से तीन अक्षर वाले शब्द पढ़ने, अपना नाम पहचानने-लिखने और एक अंकीय संख्याओं की पहचान जैसे बुनियादी कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया है।
कक्षा 1 और 2 में छोटे वाक्य पढ़ने-लिखने, गिनती, जोड़-घटाव तथा दैनिक जीवन में मुद्रा के उपयोग जैसी क्षमताओं को लक्ष्य बनाया गया है। वहीं कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी में अपठित गद्यांश को समझकर पढ़ना, प्रश्नों के उत्तर देना, स्वतंत्र लेखन तथा गणित में गुणा, भाग, भिन्न और ज्यामितीय आकृतियों की समझ जैसे स्पष्ट अधिगम लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
निरीक्षण व्यवस्था से जोड़ा गया पोस्टर प्रदर्शन
निपुण लक्ष्य पोस्टरों के प्रदर्शन को विभाग की निरीक्षण व्यवस्था से भी जोड़ा गया है। सपोर्टिव सुपरविजन ऐप और निरीक्षण ऐप में पोस्टर प्रदर्शन से संबंधित प्रश्न शामिल किए जा रहे हैं। इसके अलावा निपुण संकल्प कार्यशालाओं और शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी निपुण लक्ष्यों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
शिक्षकों को बच्चों की प्रगति का आकलन करने में मिलेगी मदद
विभाग का मानना है कि निर्धारित मानकों के आधार पर शिक्षक प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति का बेहतर आकलन कर सकेंगे और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दे सकेंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि निपुण लक्ष्य केवल पोस्टर नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के सीखने की दिशा तय करने वाले स्पष्ट मानक हैं।
महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 31 जुलाई तक प्रत्येक विद्यालय में निपुण लक्ष्य पोस्टर का प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए और प्रशिक्षण, कक्षा शिक्षण तथा निरीक्षण के प्रत्येक स्तर पर इनका प्रभावी उपयोग किया जाए।
source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश #Lucknow #HindiNews #DigitalNews #LOKMUDDA #लोकमुद्दा #उत्तरप्रदेश #छात्रवृत्ति #IndianConstitution #KnowYourNation #lokmudda #indian #civics #democracy #DigitalMedia #UttarPradesh #news #up #जनहित #UPNews



